पूर्वांचल
महिलाओं के विरोध के कारण खाली हाथ लौटी राजस्व टीम
केराकत (जौनपुर)। सरकी गांव में चल रहे जमीन विवाद के दौरान राजस्व टीम को महिला प्रदर्शनकारियों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। नायब तहसीलदार अमित सरोज, लेखपाल राहुल यादव और अन्य राजस्व कर्मी एसडीएम न्यायालय के आदेश पर मिट्ठू राम को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाने पहुंचे थे। लेकिन ग्रामीण महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने मौके पर पहुंचकर जमकर विरोध किया।
राजस्व टीम ने विवादित भूमि पर पहले से की गई पत्थरगड्डी और गाड़ी गई ईंटों को उखाड़ दिया। इस कार्रवाई से महिलाएं भड़क उठीं और टीम को मारने-पीटने की धमकी देने लगीं। हालात को काबू में लाने के लिए सरकी पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा था।
स्थिति को देखते हुए राजस्व कर्मी बिना कब्जा दिलाए लौट गए। नायब तहसीलदार अमित सरोज ने बताया कि एसडीएम कोर्ट ने करीब दो माह पहले मिट्ठू राम की जमीन पर पत्थर नकब करने का आदेश दिया था। आदेश का पालन कराने पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीण महिलाओं के दुर्व्यवहार के कारण कार्रवाई अधूरी रह गई। पूरी घटना की जानकारी उपजिलाधिकारी को भेज दी गई है।
गांव में तनाव बरकरार
घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। मामले को सुलझाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की तैयारी हो रही है।
