सोनभद्र
भारतीय संविदा श्रमिक संगठन ने मनाया श्रमिक दिवस

ओबरा (सोनभद्र)। स्थानीय सी प्लांट मुख्य गेट के पास गुरुवार को भारतीय संविदा श्रमिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया। संगठन के अध्यक्ष मणिशंकर पाठक ने श्रमिकों को जागरुक करते हुए बताया कि यह दिन श्रमिकों के अधिकारों और उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए समर्पित है।
क्योंकि कामगार इस राष्ट्र की अडिग शक्ति के रूप में कार्य करते हैं और उनकी क्षमता एवं कार्य कुशलता से किसी भी प्रदेश एवं देश के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।
संगठन के उपाध्यक्ष रणजीत तिवारी ने कहा कि बड़े उद्योगों और कारखानों की कार्य प्रणाली को संभालने का कार्य एक मजदूर अपनी मेहनत से करता है, और इसके बदले उसे केवल वेतन मिलता है, लेकिन वह हमेशा नई सोच और दिशा में कार्य करने को तत्पर रहता है।
महामंत्री कृष्ण कुमार पाठक ने बताया कि मई दिवस श्रमिकों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और कल्याण के प्रति जागरूकता फैलाने का दिन है। भारतीय संविदा श्रमिक संगठन ने हमेशा श्रमिकों के हित में काम किया है, श्रम कानूनों का पालन और श्रमिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा में सक्रिय रूप से कार्य किया है। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने मजदूरों के शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प लिया।