Connect with us

वाराणसी

बैंक केवाईसी के नाम पर एक लाख से अधिक की ठगी

Published

on

वाराणसी। बैंक KYC अपडेट करने के नाम पर एक बार फिर साइबर ठगों ने बड़ा हाथ मारा है। इस बार शिकार बने हैं सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित भगवती नगर कॉलोनी फेज-1 निवासी गंगा सागर उपाध्याय। महज कुछ कॉल और एक लिंक के जरिए ठगों ने उनके खाते से 1.19 लाख रुपये उड़ा लिए। पूरी घटना का पता तब चला जब पीड़ित पेट्रोल पंप पर ऑनलाइन पेमेंट करते समय “इंसफिशियंट बैलेंस” का मैसेज देख चौंक पड़े।

29 अप्रैल को आया था पहला कॉल
गंगा सागर उपाध्याय ने बताया कि 29 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को HDFC बैंक, रथयात्रा शाखा का मैनेजर ‘संजय जोशी’ बताया और कहा कि बैंक KYC अपडेट करना जरूरी है, अन्यथा खाता ब्लॉक हो जाएगा। लिंक भेजने के साथ KYC अपडेट करने का दबाव बनाया गया। उपाध्याय ने उस समय व्यस्तता का हवाला देकर कॉल काट दिया।

6 मई को दोबारा कॉल और फिर क्लिक
इसके बाद 6 मई को फिर उसी नंबर से कॉल आया। इस बार भी संजय जोशी नामक व्यक्ति ने KYC अपडेट की बात कही और भेजे गए लिंक पर क्लिक करने को कहा। बार-बार फोन आने पर उपाध्याय ने झुंझलाकर लिंक खोल दिया। तभी उनका फोन हैंग हो गया और लगातार OTP आने लगे, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया।

7 मई को पेट्रोल पंप पर हुआ खुलासा
7 मई को जब गंगा सागर बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे और पेटीएम से पेमेंट करने लगे, तब लगातार ‘बैलेंस इंसफिशियंट’ का मैसेज आया। हैरान होकर जब उन्होंने अकाउंट चेक किया तो 1,19,999 रुपये गायब मिले। तुरंत बैंक पहुंचे और जब संजय जोशी के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि बैंक में इस नाम का कोई कर्मचारी कार्यरत ही नहीं है।

Advertisement

साइबर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
घटना की सूचना मिलने पर गंगा सागर उपाध्याय ने सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर IT एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर अभियुक्त की तलाश की जा रही है।

सावधान रहें, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
पुलिस और साइबर सेल ने आम जनता से अपील की है कि बैंक संबंधित किसी भी कॉल या लिंक पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। बैंक कभी भी इस प्रकार की जानकारी फोन पर नहीं मांगता।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page