गोरखपुर
बेफिक्र होकर उपचार कराएं, सरकार देगी पूरी सहायता: योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर। योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि वे उपचार को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें, राज्य सरकार मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज के लिए आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में अस्पतालों से प्राप्त इस्टीमेट की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी कर तत्काल शासन को प्रेषित की जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर मदद मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समाधान गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक होना चाहिए।
जमीन कब्जाने, दबंगई और अवैध अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का स्नेहिल रूप भी देखने को मिला। कार्यक्रम में पहुंचे बच्चों को उन्होंने आशीर्वाद दिया, चॉकलेट वितरित की और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
जनता दर्शन में राजस्व, पुलिस, चिकित्सा और समाज कल्याण विभाग से संबंधित सर्वाधिक शिकायतें सामने आईं, जिनके समाधान हेतु मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
