वाराणसी
बीसू जी मंदिर में साप्ताहिक श्रीमद् भागवत कथा कल से संगीतमय पाठ और भक्तिमय रसधारा का होगा प्रवाह
वाराणसी (जयदेश)। वाराणसी के मैदागिन स्थित श्री बीसू मंदिर में 7 से 13 जनवरी तक साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा जिसमें संगीत और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। बल्लभदास की प्रेरणा से अमृत कथा का आयोजन गोलोकवासी साधो सरदार की स्मृति में होगा। सोमवार को श्री बीसू जी मंदिर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जगद्गुरु बल्लभदास ने बताया कि इस श्रीमद् भागवत कथा की अध्यक्षता और महोत्सव का उद्घाटन चौखम्भा स्थित श्री गोपाल मंदिर के षष्पीठा धीश्वर श्याम मनोहर महाराज करेंगे।
कथा का वाचन वृंदावन मथुरा के सुप्रसिद्ध कथा मर्मज्ञ पंडित संजय कृष्ण भईया जी करेंगे। महोत्सव के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री और शहर दक्षिणी के विधायक डॉ.नीलकंठ तिवारी जबकि विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के कैमिष्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष संदीप चतुर्वेदी होंगे।महोत्सव के शुभारंभ पर 7 जनवरी को पूर्वाहन 9:30 बजे चौखम्भा के गोपाल मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी और यह श्री बीसु मंदिर पहुंचेगी। यहां श्रीमद् भागवत कथा और सुखदेव जी की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कथा आरंभ होगी।
कथा का मूल पाठ पूर्वाहन 8 से 11 बजे तक होगा और प्रवचन अपराह्न 2 बजे से सायंकाल 7 बजे तक आयोजित किया जाएंगे। कथा में 8 जनवरी को भगवान वाराहावतार और ध्रुव चरित्र, 9 जनवरी को राजा भरत का चरित्र और नरसिंह अवतार, 10 जनवरी को वामनावतार और रामकृष्ण के जन्म की कथा प्रसंग, 11 जनवरी को नंद महोत्सव, बाल लीला, गोवर्धन लीला और दान लीला, 12 जनवरी को वेणु गोपी युगल और भ्रमर गीत रासलीला और रुकमणी मंगल तथा 13 जनवरी को सुदामा चरित्र उद्धव गीत श्रीमद् भागवत की पूर्णाहुति होगी।
इस अवसर पर कथा की पूर्णाहुति के साथ प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान सर्वश्री दीपक अग्रवाल, डॉ.जयशंकर जय, दिनेश यादव और रामनारायण यादव भी उपस्थित रहे।
