वाराणसी
बीएचयू में आइसोलेट मरीज के घर पहुंचे डीएम-सीएमओ
एचएमपीवी वायरस की आशंका को लेकर बोलें अधिकारी – “नहीं है कोई लक्षण”
वाराणसी। भारत में HMPV (ह्यूमन मेटापन्यूमोवायरस) के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। इसी सिलसिले में वाराणसी के जिलाधिकारी एस. राजलिंगम और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने शुक्रवार को चौबेपुर के ढाका गांव का दौरा किया।
गांव के पूर्व प्रधान दीनानाथ पांडेय (75) को बीएचयू में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीज में HMPV के कोई लक्षण नहीं हैं। एहतियातन उनके घर और आस-पास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
पिछले महीने से चल रहा है इलाज
दीनानाथ पांडेय की तबीयत 4 दिसंबर को खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें बीएचयू में भर्ती कराया गया। 18 दिसंबर को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद 28 दिसंबर को दोबारा तबीयत बिगड़ी। परिजनों ने उन्हें फिर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चेस्ट इंफेक्शन की पुष्टि हुई। अब उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है।
जिलाधिकारी सीएमओ का दौरा और दिशा-निर्देश
दोपहर बाद जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने मरीज के घर और आसपास की स्थिति का जायजा लिया। परिजनों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली और गांववासियों को सतर्क रहने को कहा।
सीएमओ संदीप चौधरी ने बताया, “मरीज में HMPV के कोई लक्षण नहीं हैं। हालांकि, एहतियातन यह दौरा किया गया। स्थानीय अधिकारियों को निगरानी और स्वच्छता पर ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।”
ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने की अपील
अधिकारियों ने पड़ोसियों और गांववासियों को सतर्क रहने और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या पर तुरंत रिपोर्ट करने की अपील की है। ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क रहने और नियमित सफाई का निर्देश दिया गया है।
