वाराणसी
बीएचयू गेट के पास सड़क हादसे में बच्ची घायल, हिरासत में तीन आरोपी
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सिर गोवर्धनपुर गेट के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय बच्ची सुरभि गंभीर रूप से घायल हो गई। सुरभि सड़क पर खेल रही थी, तभी एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उसे टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से पकड़े गए आरोपी
दुर्घटना के बाद कार सवार तीन लोग मौके से भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए उनका पीछा किया। कुछ ही दूरी पर कार गड्ढे में फंस गई जिससे आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला। गुस्साए स्थानीय लोगों ने तीनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बीएचयू चौकी प्रभारी शिवाकर मिश्र ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। कार को पुलिस चौकी ले जाया गया और तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। बच्ची को तुरंत बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल बच्ची के पिता कुंदन, जो CHS स्कूल में राजगीर मिस्त्री का काम करते हैं उन्होंने इस घटना पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि बच्ची के परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार गाड़ियों की समस्या को उजागर करता है।
