गाजीपुर
बाढ़ राहत कार्यों में लापरवाही पर मंत्री ने जताई नाराजगी

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को जनपद के ऐतिहासिक गांव शेरपुर के जलालपुर मौजा में गंगा कटान को रोकने के लिए हो रहे बोल्डर पैचिंग कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नाव से शेरपुर निषाद बस्ती तक जाकर गंगा के बढ़ाव का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कटान प्रभावित इलाकों की सुरक्षा के लिए सख्त निर्देश दिए।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गंगा और अन्य नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए ठोस उपाय कर रही है। उन्होंने बताया कि बाढ़ नियंत्रण चौकियां, शरणालय और बचाव कार्यों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि आम जनता को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि बाढ़ राहत और कटान रोकने के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का पूर्व भ्रमण कर स्थिति के अनुसार तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण से पूर्व मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम 2.0” वृक्षारोपण महाअभियान के तहत गंगा तट पर रुद्राक्ष, बरगद और आम के पौधों का रोपण भी किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दिनेश कुमार, देवकली पंप नहर कैनाल के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद चौधरी, ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।