वाराणसी
बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी पिता-पुत्र को मारी गोली
22 हजार की लूट
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक गांव में रविवार को दिनदहाड़े तीन बाइक सवार हमलावरों ने एक सराफा दुकान में घुसकर व्यापारी पिता-पुत्र को गोली मार दी और 22 हजार रुपये नकद व चांदी के सामान लूटकर फरार हो गए।

गोली लगने से घायल हुए विकास और उनके पिता सियाराम लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिसके बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी होते ही डीसीपी प्रमोद कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना, जबकि एडीसीपी ने गांव में दो थानों की फोर्स के साथ पहुंचकर सघन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस पूरे इलाके में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
