वाराणसी
बनारसियों को भा रही विदेशी एसयूवी
वाराणसी। जिले में वर्ष 2025 के दौरान विदेशी लग्ज़री गाड़ियों के प्रति लोगों का रुझान तेज़ी से बढ़ा है। काशीवासियों ने इस साल महंगी और प्रीमियम श्रेणी की गाड़ियों की जमकर खरीदारी की है। परिवहन विभाग के पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में शहर में छह लैंड क्रूजर, तीन वेलफायर, तीन डिफेंडर और दस रेंज रोवर खरीदी गईं।
बीते छह महीनों में ही इन महंगी गाड़ियों के पंजीकरण कराए गए हैं। इन वाहनों की कीमतें डेढ़ करोड़ रुपये से लेकर पौने तीन करोड़ रुपये तक बताई जा रही हैं। इसके अलावा वाराणसी में बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, जैगुआर और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियों की खरीदारी भी लगातार हो रही है।
शहर में लग्ज़री गाड़ियों की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि काशी में उच्च आय वर्ग और व्यवसायिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। परिवहन विभाग के अभिलेखों में दर्ज आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2025 काशी के लिए विदेशी गाड़ियों की खरीद के लिहाज़ से खास रहा।
