वाराणसी
बंद रेलवे फाटक पार करना युवक को पड़ा भारी, भाई ने कूदकर बचाई जान
शिवपुर (वाराणसी)। बुधवार रात शिवपुर क्षेत्र में बंद रेलवे फाटक को पार करने की कोशिश में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। भलई निवासी अर्जुन कुमार (28) अपने बड़े भाई सुशील के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। शिवपुर में बंद रेलवे फाटक को पार करने के दौरान अचानक कैंट स्टेशन की ओर से आ रही एक ट्रेन की चपेट में आ गया।
ट्रेन की टक्कर इतनी तेज थी कि अर्जुन की मोटरसाइकिल इंजन में फंस गई और उसे ट्रेन काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इस हादसे में अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके भाई सुशील ने बाइक से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
परिजनों के अनुसार, अर्जुन वाराणसी नगर निगम में आउटसोर्सिंग के तहत सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत था। उसके परिवार में पत्नी, ढाई साल का एक बेटा और चार साल की एक बेटी है। हादसे के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
