अपराध
फंदे से लटकता मिला किशोरी का शव, जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर। जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ग्राम नरौली में रविवार शाम एक किशोरी का शव फंदे से लटकता मिला। घटना शाम करीब 7 बजे की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान करीना (16) पुत्री राजदेव गौतम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना के समय किशोरी घर में अकेली थी। उसके माता-पिता खेत में काम करने गए थे और छोटे बच्चे बाहर खेलने चले गए थे। जब शाम करीब 6 बजे परिजन घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया।
कमरे में किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध साक्ष्य बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। किशोरी की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
