गाजीपुर
पैसे के विवाद में किसान की हत्या, बेटा घायल, नौ के खिलाफ केस दर्ज
गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर दक्षिण टोला में 1400 रुपए के विवाद ने एक किसान की जान ले ली। बीती रात हुई मारपीट में 60 वर्षीय चेयरमैन यादव की मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र राजेश यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। राजेश यादव को BHU के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
घटना की शुरुआत चेयरमैन यादव के पिता इनरु यादव की जेब से 1400 रुपए चोरी होने से हुई थी। दो दिन पहले चेयरमैन यादव ने पैसे चुराने वाले लड़के को डांट लगाई थी। इसी बात को लेकर सुदर्शन की पत्नी सुनीता और पुत्र मोनू यादव से राजेश यादव का विवाद हुआ।
रात 8 बजे करीब 10-12 लोगों ने चारपाई पर बैठे चेयरमैन यादव और राजेश यादव पर हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और बेहोश हो गए। परिजन उन्हें गाजीपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें BHU रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चेयरमैन यादव की मृत्यु हो गई।
मृतक की पत्नी चंद्रभावती देवी ने दुल्लहपुर थाने में 9 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में मानती देवी, सुनीता देवी, रोहित यादव, जितेन्द्र यादव, मोनू यादव, शिवकुमार यादव, अभय यादव और जंग बहादुर यादव शामिल हैं।
थाना अध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि यह विवाद रास्ते को लेकर हुआ। मृतक किसान चेयरमैन यादव के पुत्र राजेश यादव भी खेती करते हैं। राजेश के दो बच्चे हैं, 8 वर्षीय पुत्र और 10 वर्षीय पुत्री।
