वाराणसी
पेट्रोल पंप कर्मी से मारपीट मामले में एक हफ्ते बाद प्राथमिकी दर्ज
वाराणसी। जिले के चितईपुर थाना क्षेत्र में स्थित कैंसर हॉस्पिटल के सामने एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने एक सप्ताह बाद प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई राम संजीवन पटेल की तहरीर पर की गई है। मामले में थार वाहन से पहुंचे इंद्रेश चौबे समेत तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मारपीट और अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है।
बताया गया है कि राम संजीवन पटेल पेट्रोल पंप पर हवा भरने का कार्य करते हैं। बीते 21 मार्च को थार गाड़ी से तीन से चार युवक वहां पहुंचे और वाहन में हवा भरने को कहा। इस दौरान कर्मचारी ने गाड़ी को थोड़ा आगे बढ़ाने के लिए कहा, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसे से हमला कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे धमकी भी दी। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार सिंह ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है और थार वाहन से आए आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
