मिर्ज़ापुर
पूर्व प्रधानमंत्री के निजी सलाहकार संतोष कुमार श्रीवास्तव का निधन, शहर में शोक की लहर
मिर्जापुर के प्रतिष्ठित नागरिक और भारतीय प्रधानमंत्रियों के पूर्व निजी सलाहकार संतोष कुमार श्रीवास्तव का 20 जुलाई 2025 को निधन हो गया। उनके निधन से शहर के सामाजिक और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर फैल गई।संतोष कुमार श्रीवास्तव का जन्म वर्ष 1932 में मिर्जापुर में हुआ था। उनके पिता चंदिका श्रीवास्तव और माता कमला श्रीवास्तव स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत नगर पालिका परिषद मिर्जापुर से की थी। लगभग 30 वर्ष की आयु में वे तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सहित कुल छह प्रधानमंत्रियों के निजी स्टाफ में रहे और वर्षों तक देश सेवा में समर्पित रहे।सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने लगभग 17 वर्षों तक स्वराज भवन और कमला नेहरू मेमोरियल हॉस्पिटल के निदेशक के रूप में कार्य किया। पिछले 12 वर्षों से वे संग मोहाल स्थित अपने आवास पर निवास कर रहे थे।
उनके निधन पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और प्रतिष्ठित नागरिकों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। शोक जताने वालों में आम आदमी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, एडवोकेट सुनील कुमार पांडे, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुशील दुबे, कांग्रेस के पूर्व विधायक भगवती चौधरी, दवा विक्रेता समिति के सचिव संजय गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता सुजीत वर्मा, आप पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रो. बी. सिंह, संतोष कुमार पांडे, नसीम खान, रविंद्र सिंह चड्ढा, रमाशंकर साहू, राजेश श्रीवास्तव, जयप्रकाश सेठ सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे।
