वाराणसी
पूजा यादव का भारतीय महिला हॉकी टीम के कैंप में चयन

वाराणसी। गंगापुर की बेटी पूजा यादव ने भारतीय महिला हॉकी में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के कैंप के लिए उनका चयन होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। यह कैंप 23 मार्च 2025 से 30 मार्च 2025 तक साईं सेंटर, बेंगलुरु में आयोजित होगा। पूजा की इस सफलता पर उनके परिवार, गंगापुर एकेडमी और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
पूजा यादव वाराणसी के गंगापुर की निवासी हैं। उनके पिता महेंद्र यादव दूधिया का व्यवसाय करते हैं और माता कलावती देवी गृहिणी हैं। सात भाई-बहनों में पांचवे स्थान पर रहने वाली पूजा ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार किया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गंगापुर इंटर कॉलेज से प्राप्त की और यहीं से हॉकी की बारीकियां सीखनी शुरू कीं। सीमित संसाधनों के बावजूद लड़कों के बीच अभ्यास करते हुए उन्होंने अपने खेल में महारत हासिल की।
भारतीय महिला हॉकी टीम के कैंप में चयन से पहले पूजा यादव ने कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता। हाल ही में हुए खेलो इंडिया प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए भी उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा, सीनियर नेशनल साईं डिपार्टमेंटल में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी काबिलियत साबित की। पूजा ने लगातार सीनियर नेशनल में उत्तर प्रदेश से भाग लिया है और हर बार अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया।
गंगापुर एकेडमी ने पूजा के करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एकेडमी के अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन अंसारी ने कहा, “अनुशासन और मेहनत से ही सफलता मिलती है। पूजा यादव ने एकेडमी की इस सोच को चरितार्थ किया है। भारतीय महिला हॉकी टीम के कैंप में उनका चयन हमारे लिए गर्व की बात है।”
एकेडमी के सचिव अवधेश लाल मौर्य ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “अगर पूजा भारतीय टीम में अंतिम रूप से चयनित होती हैं, तो यह क्षेत्र की सभी महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत होगी।”
क्लब के कोषाध्यक्ष और तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह ने कहा, “यदि पूजा भारतीय टीम में शामिल होती हैं, तो यह गंगापुर एकेडमी के संस्थापक स्व. गुलाब प्रसाद मौर्य को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
पूजा की इस सफलता पर स्थानीय सभासद चरण दास गुप्ता ने उनके घर जाकर माता-पिता को बधाई दी। गंगापुर एकेडमी के उपाध्यक्ष विजय राजभर और मैनेजर रोहित मोदनवाल ने भी पूजा की मेहनत की सराहना की। क्षेत्रवासियों और खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया और पूजा यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूजा यादव की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और एकेडमी के लिए गर्व का विषय है, बल्कि इससे वाराणसी और पूरे उत्तर प्रदेश की बेटियों को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि पूजा यादव भारतीय महिला हॉकी टीम में अंतिम रूप से चयनित होकर देश का मान बढ़ाएं।