वाराणसी
पुलिस स्मृति दिवस : वाराणसी में शहीद जवानों को किया गया याद, पुलिस कमिश्नर-मंडलायुक्त समेत अफसरों ने दी श्रद्धांजलि
वाराणसी पुलिस लाइन में सोमवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्रा, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। 1959 में लद्दाख की सीमा पर चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की याद में हर साल 21 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है।


इस वर्ष 1 सितंबर 2023 से 1 सितंबर 2024 तक की अवधि में देशभर में 216 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी, जिनमें उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी सचिन राठी और रोहित कुमार भी शामिल थे। शहीद जवानों की याद में 2 मिनट का मौन रखा गया और सशस्त्र बलों ने शोक सलामी दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
