अपराध
पुलिस मुठभेड़ में दो गो-तस्कर घायलावस्था में गिरफ्तार
संतकबीर नगर। दुधारा थाना क्षेत्र के रक्साकला गांव के समीप गुरुवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रतिबंधित मांस काटे जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम की गो-तस्करों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपितों के पैर में गोली लगी, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार भोर में सूचना मिली थी कि रक्साकला गांव के पास एक सुनसान स्थान पर प्रतिबंधित मांस काटा जा रहा है। सूचना मिलते ही दुधारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाशों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय संतकबीरनगर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान दुधारा थाना क्षेत्र के रक्साकला गांव निवासी 28 वर्षीय अलाउद्दीन उर्फ कोईल पुत्र वकील तथा बस्ती जनपद के रुदौली थाना क्षेत्र के कथकपुरवा गांव निवासी 50 वर्षीय एकलाख पुत्र झिनक के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से लगभग 100 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, मांस काटने का ठेहा, तराजू-बांट, रस्सी के अलावा दो अवैध 315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और दो नाजायज चाकू बरामद किए हैं।
वहीं, मौके से फरार आरोपितों की पहचान करमा खान गांव निवासी दो सगे भाइयों अनीश और समीम पुत्रगण नईम तथा रक्साकला गांव निवासी अब्दुल कलाम पुत्र मोहम्मद अतीक के रूप में की गई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सभी आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
