Connect with us

वाराणसी

पुलिस की मुठभेड़ में एक गोतस्कर गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। रोहनिया में पुलिस और गोतस्करों के बीच गुरुवार सुबह मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक तस्कर घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिली थी कि तस्कर मवेशियों को बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल ले जाने वाले हैं। तस्करों की फायरिंग के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पकड़े गए तस्कर के पास से हथियार बरामद हुए हैं, जबकि एक अन्य तस्कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर मोहनसराय क्षेत्र में मवेशियों की तस्करी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही तस्करों ने पुलिस को देखा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान गोलू नट, निवासी कृष्णदत्तपुर, थाना राजातालाब के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तस्कर के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। उसके खिलाफ पहले से ही तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।

मौके से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं, मुठभेड़ के दौरान पिकअप वाहन में एक सांड और सात गायें लदी हुई मिलीं, जिनमें से एक सांड और चार गायें मृत अवस्था में थीं। पूछताछ में गोलू नट ने बताया कि वे औराई क्षेत्र से गोवंश लादकर ले जा रहे थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि फरार तस्कर की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में सक्रिय गोतस्करों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता और सख्ती को एक बार फिर उजागर किया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page