गोरखपुर
पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी हिरासत में
गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति पर ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति गांव की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर सहजनवां थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सहजनवां की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सहजनवां, उपनिरीक्षक दिनेश पांडेय, कांस्टेबल विकास यादव और कांस्टेबल रुद्र सिंह शामिल रहे।
