वाराणसी
“पीएम मोदी ‘अटल जी’ के अधूरे सपने को कर रहें साकार” : केशव प्रसाद मौर्य
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर “अटल जी प्रदर्शनी” का उद्घाटन
वाराणसी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “अटल जी प्रदर्शनी” का भव्य उद्घाटन समारोह वाराणसी में आयोजित किया गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अटल जी की दृष्टि को सलाम
उद्घाटन के दौरान डिप्टी सीएम ने अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “अटल जी ने देश को जो दिशा और दृष्टि दी, वह अमूल्य है। उन्होंने एक ऐसी पीढ़ी तैयार की, जिसने भारत के विकास के नए आयाम तय किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल जी के अधूरे सपनों को साकार कर रहे हैं।”

उपमुख्यमंत्री ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर भी उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि अटल जी और महामना दोनों ही देश के अमिट और स्मरणीय व्यक्तित्व हैं। इन महान विभूतियों ने भारत के लिए जो योगदान दिया है, उसे भुलाया नहीं जा सकता।
मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आज जनता विपक्ष के साथ नहीं है। वे केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस तक ही सीमित रह गए हैं। प्रदर्शन के नाम पर अब उनके पास गिनती के लोग ही बचे हैं। इसके विपरीत देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है।”

बाबा साहब के सपनों को पूरा कर रही भाजपा
डिप्टी सीएम ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का इतिहास बाबा साहब का अपमान करने का रहा है। सिर्फ प्रतीकात्मक तौर पर नीली शर्ट और साड़ी पहनने से बाबा साहब को न्याय नहीं मिलेगा। भाजपा ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया, जबकि कांग्रेस ने केवल राजनीति की और चुनाव में हराने का प्रयास किया।”

अपराध पर लगाम लगाने के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा, “कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने का काम सरकार लगातार कर रही है।”
समारोह के अंत में उपमुख्यमंत्री ने अटल जी को भारतीय राजनीति का आदर्श और प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि उनकी नीतियां और दृष्टि आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेंगी।
