दुर्घटना
पिकअप से भिड़ी बोलेरो, चालक सहित दो घायल
वाराणसी। जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत व्यासबाग क्रॉसिंग पर बुधवार सुबह पिकअप और बोलेरो के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे अल्ट्राटेक सीमेंट के गोदाम से सीमेंट लादकर एक पिकअप वाहन वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर निकला था। जैसे ही पिकअप सड़क पार करने लगी, उसी समय वाराणसी से जौनपुर की दिशा में जा रही बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तीव्र थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में बोलेरो चालक कुलानंद तिवारी, निवासी बरसरा, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर, तथा वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल बोलेरो चालक कुलानंद तिवारी ने बताया कि वह लोग अस्सी घाट से अपने घर जौनपुर लौट रहे थे। व्यासबाग क्रॉसिंग के समीप अचानक गोदाम से एक पिकअप वाहन सड़क पार करने लगा। चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक टक्कर हो चुकी थी।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद हरहुआ पुलिस चौकी की पैंथर टीम भी पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। दोनों वाहन स्वामी आपस में बातचीत कर रहे हैं।
