शिक्षा
पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण संपन्न

चोलापुर ब्लॉक के 754 शिक्षक हुए प्रशिक्षित
वाराणसी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुपालन और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या 2022-23 के आधार पर विकसित पाठ्य पुस्तकों की बेहतर समझ को शिक्षकों तक पहुँचाने तथा बच्चों में बुनियादी भाषा और गणितीय कौशल को प्रभावी ढंग से विकसित करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण बीआरसी चोलापुर में आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 24 जुलाई 2025 से शुरू होकर 22 सितंबर 2025 को संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में चोलापुर ब्लॉक के प्राथमिक संवर्ग के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और शिक्षामित्र सहित कुल 754 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कक्षा 1, 2 और 3 में हिंदी, गणित और अंग्रेजी विषय की नवीन पुस्तकों पर कार्य करने की रणनीतियों, कक्षा में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान, उपलब्ध सहायक सामग्री, संपूर्ण शिक्षण चक्र और शिक्षक संदर्शिका आधारित कक्षा संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई।
इसके अलावा कक्षा 4 और 5 में हिंदी और गणित शिक्षण की रणनीतियों, संदर्शिका में दी गई शिक्षण विधियों और शिक्षण योजनाओं की समझ भी शिक्षकों को कराई गई। प्रशिक्षण आठ चरणों में आयोजित किया गया, प्रत्येक चरण में 50-50 शिक्षकों के दो बैच पांच-दिन तक प्रशिक्षण प्राप्त किए।
प्रशिक्षण का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर, श्री नागेन्द्र सरोज के निर्देशन में हुआ। समय-समय पर उन्होंने प्रशिक्षण का अनुश्रवण किया और प्रशिक्षणार्थियों से फीडबैक प्राप्त किया। प्रदेश स्तर पर ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण की निगरानी की गई और विभिन्न जनपद स्तरीय टीमों ने भी इसका समय-समय पर निरीक्षण किया।
प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में पूर्व एआरपी भारतीश मिश्र, एआरपी पुनीत कुमार सिंह, एआरपी अरविन्द दीक्षित, एआरपी अरुण पाण्डेय और एआरपी सुनील कुमार यादव ने शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। संसाधनों का व्यवस्थापन कार्यालय सहायक पंकज मिश्र द्वारा किया गया।