गाजीपुर
पर्याप्त गैस है तो मिल क्यों नहीं रही? उपभोक्ताओं ने उठाया सवाल
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता के शासन-प्रशासन के दावों के बावजूद क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों से स्पष्ट है कि जमीनी स्तर पर गैस आपूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है।उपभोक्ताओं का कहना है कि अधिकारियों द्वारा बार-बार यह आश्वासन दिया जा रहा है कि गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत नजर आ रही है। गैस सिलेंडर बुक करने में लंबा समय लग रहा है और बुकिंग के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें सिलेंडर प्राप्त करने के लिए एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। होम डिलीवरी की सुविधा भी लगभग ठप हो चुकी है। जिससे खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तो उसकी नियमित और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित क्यों नहीं की जा रही है।शासन व प्रशासन द्वारा पर्याप्त गैस होने का जुमला सुन- सुन कर लोग उब चुके है।
उपभोक्ता प्रशासन से कह रहे है कि यदि प्रचुर मात्रा में गैस उपलब्ध है, तो व्यवस्था में सुधार लाया जाए और समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में जब जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने जल्द ही स्थिति सामान्य करने का आश्वासन दिया। हालांकि, जब तक जमीनी स्तर पर सुधार नहीं होता, तब तक उपभोक्ताओं की परेशानी कम होती नजर नहीं आ रही है। देखें कब तक स्थिति सामान्य होती है।
