गोरखपुर
परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने पर जोर, खजनी बीआरसी में संगोष्ठी आयोजित
गोरखपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र खजनी के प्रांगण में शनिवार 14 मार्च 2026 को ‘ग्राम पंचायत अध्यक्ष, सदस्य स्थानीय निकाय एवं प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक का एक दिवसीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, धरणीधर राम त्रिपाठी तथा खंड शिक्षा अधिकारी सावन कुमार दूबे ने संगोष्ठी को संबोधित किया। खंड शिक्षा अधिकारी सावन कुमार दूबे ने परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने, ड्रॉप आउट की संख्या कम करने तथा विद्यालयों के कायाकल्प जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर धरणीधर राम त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान समय में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं। उनकी यह मेहनत विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में चयनित होने वाले बच्चों के माध्यम से समाज के सामने दिखाई दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में चयनित पांच विद्यार्थियों—धनंजय, आलिया खातून, शिवम गुप्ता, अच्छेलाल और प्रतिभा—को सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता (NMMS) में चयनित 16 विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रत्येक न्याय पंचायत से दो-दो ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को ब्लॉक खजनी शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजेश पांडेय और ब्लॉक मंत्री संतोष त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार मिश्र ने किया। वहीं एआरपी विवेक चंद्र वर्मा ने विषय वस्तु पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में एआरपी अराधना यादव भी उपस्थित रहीं। शिक्षिकाओं आभा पांडेय, सिम्मी सिंह और अर्चना मैम ने टीएलएम (शैक्षणिक सामग्री) का प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय छताई, पिपरा, घईसरा और औजी के बच्चों द्वारा शानदार नृत्य एवं नाटक की प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गौकरन, मुकेश निषाद, तूफानी प्रसाद, साधना, बृजेश कुमार, राहुल त्रिपाठी, दिनेश पांडेय सहित अनेक ग्राम प्रधान मौजूद रहे। वहीं शिक्षकों में रविप्रकाश त्रिपाठी, प्रियंका तिवारी, प्रमोद, सुषमा त्रिपाठी, विनय कुमार यादव, सुभाष यादव, सुरेंद्र बहादुर सिंह, संजय कुमार, विश्वनाथ, संजय मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, नीरज राय, बीरेंद्र, रजनीश, ओमप्रकाश रावत, संजीव कुमार सिंह, विजय प्रकाश मिश्र, वीरेंद्र यादव, डॉ. कमलेश गौड़ तिवारी सहित बड़ी संख्या में अध्यापक उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा ग्राम पंचायत और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।
