चन्दौली
पत्नी ने दो प्रेमियों संग उतारा पति को मौत के घाट, गिरफ्तार
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के एक गांव में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके दो प्रेमियों को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति की हत्या की साजिश पत्नी ने अपने दोनों प्रेमियों रामदेव और विशाल के साथ मिलकर रची थी। तीनों ने पूछताछ में जो कारण बताए, उससे पुलिस भी चौंक गई।
पुलिस के अनुसार पत्नी का कई वर्षों से पति के मित्र रामदेव के साथ प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी होने पर पति मकरन उसे मारता-पीटता था और मेलजोल पर रोक लगाता था। इसी बात से नाराज होकर पत्नी ने प्रेमियों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत शाम को उसने रामदेव को घर बुलाया और अपने पैसे से शराब व मुर्गा मंगवाया। दोनों ने बैठकर शराब पी। जब मकरन अधिक नशे में हो गया, तब पत्नी ने दूसरे प्रेमी विशाल को भी बुला लिया। रात करीब नौ बजे तीनों ने मिलकर साड़ी का फंदा बनाया और मकरन का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों प्रेमी मौके से फरार हो गए।
हत्या के बाद पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति की मौत अत्यधिक शराब पीने से हुई है। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू की। शव पर मिले निशान और महिला के बयान में विरोधाभास पाए जाने पर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो पूरा मामला सामने आ गया।
थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक मकरन की यह तीसरी पत्नी थी और उसके दो लोगों से अवैध संबंध थे, जिनका पति विरोध करता था। इसी कारण तीनों ने मिलकर उसकी हत्या की। पुलिस ने पत्नी और दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
