मनोरंजन
पति के साथ प्रियंका की ऑस्कर एंट्री चर्चा में, निक जोनस के कलावा ने खींचा ध्यान
मुंबई। ग्लोबल आइकॉन प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस ने 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स समारोह में अपनी मौजूदगी से खास आकर्षण पैदा किया। लॉस एंजेलिस के डॉल्बी थिएटर में रविवार को आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में प्रियंका पहली बार अवॉर्ड प्रेजेंटर के रूप में नजर आईं। रेड कारपेट पर उनकी एंट्री के साथ ही सबकी निगाहें उन पर टिक गईं।
ऑस्कर समारोह से सामने आई एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस साथ में पोज देते दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर में दर्शकों का विशेष ध्यान निक जोनस की कलाई पर बंधे कलावा पर गया, जिसे हिंदू परंपरा में रक्षा सूत्र माना जाता है।

इस बीच निक जोनस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा कर गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स के दौरान हुई चर्चा पर भी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, उस समय यह कहा गया था कि निक कार्यक्रम के बीच में पानी पीने के लिए बाहर चले गए थे। इस पर उन्होंने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि यदि कोई उन्हें ऑस्कर समारोह के दौरान बाहर पानी पीते हुए देखे तो इसकी वजह यह है कि उस दिन लॉस एंजेलिस में तापमान 85 डिग्री था।
लुक की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा ने डियोर का व्हाइट स्ट्रैपलेस थाई-हाई स्लिट गाउन पहना था, जिसे उन्होंने डायमंड और सफायर नेकलेस तथा ब्लैक हील्स के साथ स्टाइल किया। उन्होंने ईयररिंग्स नहीं पहने और खुले बालों के साथ न्यूड मेकअप में नजर आईं। वहीं निक जोनस क्लासिक वेलवेट डबल ब्रेस्टेड सूट में दिखाई दिए, जिसमें उनका लुक भी काफी आकर्षक लगा।
