वाराणसी
पटीदारों पर पिता-बेटी से मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम इन्द्रवार में पटीदारों द्वारा पिता-बेटी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इन्द्रवार निवासी सुनीता प्रजापति ने अपने पटीदारों पर गंभीर रूप से मारपीट करने, अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में सुनीता प्रजापति ने बताया कि, उनके पटीदार जगत प्रजापति पुत्र रामकरण प्रजापति ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता के अनुसार विवाद के दौरान जगत प्रजापति ने ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
सुनीता प्रजापति ने बताया कि घटना के समय उनकी बेटी भी मौके पर मौजूद थी। आरोप है कि हमलावर ने बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस पूरे घटनाक्रम में किशन प्रजापति नामक व्यक्ति की संलिप्तता भी बताई गई है।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद से वह और उनकी बेटी भय और मानसिक तनाव में हैं। उनका आरोप है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और पहले भी उन्हें धमकियां दे चुके हैं। सुनीता प्रजापति ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सुनीता प्रजापति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
