वाराणसी
पटाखों से बढ़ी सांस के मरीजों की संख्या, अस्पतालों में भीड़
वाराणसी। दीपावली के दौरान पटाखों के कारण हवा में फैले प्रदूषण ने सांस रोगियों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया है। दमा और अस्थमा अटैक की शिकायतों में अचानक वृद्धि देखी जा रही है। बीएचयू, मंडलीय अस्पताल और जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहले से तीन गुना तक अधिक सांस के मरीज पहुंच रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषण के कारण युवाओं में दमा की समस्या बढ़ रही है, जबकि बुजुर्ग सीओपीडी (क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) के शिकार हो रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जो लोग पहले से ही सांस संबंधी दवाएं ले रहे थे, उनके लिए यह प्रदूषण अतिरिक्त खतरा साबित हो रहा है।
दीपावली के बाद से वाराणसी की हवा यलो जोन में बनी हुई है। रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 132 पर पहुंच गया, जिसमें मलदहिया क्षेत्र की हवा 173 AQI के साथ सबसे प्रदूषित रही। इसके बाद भेलूपुर का AQI 153, अर्दली बाजार का 134 और बीएचयू का 66 रिकॉर्ड किया गया।
