आजमगढ़
निजामाबाद में बालिका कुश्ती प्रतियोगिता
आजमगढ़। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर भगत सिंह खेल एकेडमी, निजामाबाद में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय पहलवान अमरजीत यादव ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना था। उद्घाटन के दौरान अनिल यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें मेहनत व लगन के जरिए खेल और शिक्षा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन में ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के माध्यम से अपनी पहचान बनाने का संदेश दिया गया। अमरजीत यादव ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि बालिकाओं को हर क्षेत्र में प्रोत्साहन देना बेहद जरूरी है क्योंकि वे अब लड़कों के बराबर हर क्षेत्र में योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव और उन्नति के लिए परिवार और क्षेत्र का सहयोग अनिवार्य है।
अनिल यादव ने कहा कि आज भी बालक और बालिकाओं के बीच भेदभाव किया जाता है जिससे बालिकाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा जाता है।
उन्होंने इसे समाज के लिए घातक बताते हुए कहा कि खेल ऐसा माध्यम है, जिससे इस भेदभाव को समाप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान हंसराज, डॉ. आदित्य सिंह, चंद्र देव यादव, मिथिलेश, रामप्रवेश, संतोष, सोनू, चंद्रशेखर और आर्यन समेत क्षेत्र के कई सम्मानित व्यक्ति उपस्थित रहे।
