Connect with us

गाजीपुर

नारी पचदेवरा में भक्ति भाव से मना माता शबरी का जन्मोत्सव

Published

on

Loading...
Loading...

मां शबरी के जीवन से सीख लेने की अपील

नन्दगंज (गाजीपुर) जयदेश। नारी पचदेवरा गांव में वनवासी समाज द्वारा माता शबरी जन्मोत्सव श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक वातावरण के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं हवन से हुई। जिसके बाद माता शबरी और प्रभु श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। आयोजन स्थल पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यादव महासभा एवं पिछड़ा दलित विकास महासंघ के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वनवासी समाज भारतीय संस्कृति की मूल चेतना का वाहक रहा है। जहां तप, त्याग और भक्ति की परंपरा सदियों से जीवित है। माता शबरी का जीवन हमें यह सिखाता है कि सच्ची भक्ति में न जाति का बंधन होता है और न ही किसी प्रकार का अहंकार होता है। उन्होंने सभी से समाज में आपसी भाईचारा, सेवा और लोक कल्याण के मार्ग पर चलने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं सदर विधानसभा प्रभारी पुनीता सिंह खुशबू ने माता शबरी के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका त्याग, धैर्य और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट प्रेम आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन से हमें सीख लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है। कार्यक्रम में अमरनाथ यादव,  सिद्धार्थ धरकार, जे.पी. सिंह, अजय यादव सहित क्षेत्र के अनेकों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page