Connect with us

गोरखपुर

नारी एकता शक्ति फाउंडेशन की मेहंदी प्रतियोगिता में खिला महिला प्रतिभा का रंग

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। नारी सशक्तिकरण व महिला उत्थान के प्रति समर्पित नारी एकता शक्ति फाउंडेशन के द्वारा भगवानपुर श्री कुबेरपुरम में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेहंदी लगाने व लगवाने वाली 30 महिलाएं उपस्थित रहीं।

संस्था की संस्थापिका व अध्यक्ष शैलजा पाण्डेय के निर्देशन व महासचिव ज्योति चौहान के संचालन में कार्यक्रम सकुशल सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि रहीं गोरखपुर की पूर्व महापौर मातृशक्ति डॉ. सत्या पाण्डेय जी ने सर्वप्रथम माँ सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व धूप-दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्था अध्यक्ष शैलजा पाण्डेय ने मुख्य अतिथि डॉ. सत्या पाण्डेय को अंगवस्त्र, पटका, पुष्पगुच्छ व स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मेहंदी प्रतियोगिता में 10 वर्ष से अधिक उम्र की लड़कियां व महिलाएं सम्मिलित होकर अपने हुनर व प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमें संस्था की कमेटी ने चयन कर खुश्बू को प्रथम, रिया को द्वितीय तथा श्वेता को तृतीय स्थान पर पूर्व महापौर के हाथों मेडल, प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाओं व लड़कियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में सबका प्रवेश निःशुल्क रखा गया था।

मुख्य अतिथि सत्या पाण्डेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नारी देश की दशा-दिशा बदल सकती हैं। सामाजिक न्याय व उत्थान के लिए नारी सदैव ही समाज के सुधारक के रूप में जानी जाती है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, नारी सशक्तिकरण इसके उदाहरण हैं। नारी एकता शक्ति फाउंडेशन की संस्थापिका शैलजा पाण्डेय ने महिलाओं के कौशल विकास व प्रतिभा को निखारने व तराशने का जो कार्य किया है, अत्यंत ही सराहनीय है। संस्थापिका की दूरगामी सोच महिलाओं के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगी। समाज के लिए नारियां पूज्यनीय होती हैं, जिनका सम्मान देवी-देवता भी करते हैं।

अध्यक्ष शैलजा पाण्डेय ने कहा कि मेहंदी प्रतियोगिता के द्वारा हमारे समाज और हम सबके बीच की नारी प्रतिभा को जानने व समझने का मौका मिला, जिससे आने वाले समय में संस्था के माध्यम से हुनर को तराशने और उन्हें रोजगार प्रदान करने तथा उनके माध्यम से अन्य महिलाओं को प्रशिक्षित करने का कार्य किया जाएगा।

Advertisement

इस दौरान उपाध्यक्ष नीलम विश्वकर्मा, महासचिव ज्योति चौहान, कोषाध्यक्ष बेबी तिवारी, सचिव पिंकी चौहान, सूचना मंत्री चंदा, संगठन मंत्री ममता व चांदनी तथा कार्यकारिणी सदस्य में अन्नू व मुस्कान आदि पदाधिकारियों की सहभागिता रही।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page