Connect with us

गाजीपुर

नाबालिग को भगाने के दो आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज

Published

on

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रेम प्रसंग के दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार सुबह अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि बिरनो थाना क्षेत्र के एक किशोरी के पिता ने 28 फरवरी 2025 को तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने आनंद आजाद उर्फ लड्डू (20 वर्ष) पुत्र गुड्डू राम, निवासी बघुई बुजुर्ग, थाना नोनहरा पर उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया।

इसी तरह, नंदगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के पिता ने 6 मार्च 2025 को तहरीर देकर जुगेश (20 वर्ष) पुत्र मारकंडे, निवासी श्रीगंज पर उनकी बेटी को बहकाकर भगाने का आरोप लगाया।

पुलिस ने दोनों मामलों में छानबीन के बाद नाबालिग लड़कियों को बरामद कर लिया और उनका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया। बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 137(2), 87, 65(1) बीएनएस और 5(एल)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार सुबह आनंद आजाद उर्फ लड्डू को सहेड़ी तिराहे से और जुगेश को उसके घर श्रीगंज से गिरफ्तार किया। दोनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Advertisement

गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक राकेश कुमार सोनकर, उपनिरीक्षक रमेश तिवारी, आरक्षी सुरेंद्र कुमार, आरक्षी प्रदीप कुमार और होमगार्ड शोभनाथ भारतीय शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती का संदेश गया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page