अपराध
नहर में मिला लापता किशोर का शव, मां और कथित प्रेमी हिरासत में
कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के कतवरा कुसम्हा रगड़गंज निवासी 13 वर्षीय किशोर राजबीर यादव का शव दो दिन बाद रविवार रात करीब नौ बजे नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, राजबीर यादव अपनी मां रीना देवी के साथ वार्ड नंबर 18 हनुमान नगर, गोपालपुर बिरैचा हाटा में रहता था। उसके पिता प्रमोद यादव विदेश में नौकरी करते हैं। बताया गया कि 27 मार्च की दोपहर करीब तीन बजे राजबीर पैकौली चौराहे पर बाजार करने गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
रविवार रात पुलिस को हाटा क्षेत्र के पास नहर में एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसे कब्जे में लिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने मृतक की मां रीना देवी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान कुछ चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि महिला का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किशोर ने मां को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके चलते उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। हाटा कोतवाल संजय दुबे के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की मां और उसके कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
