गोरखपुर
नशे की लत ने बनाया हैवान: बेटे ने पिता और भाई पर किया जानलेवा हमला
गोरखपुर। जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा महुआपार में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक कलयुगी पुत्र ने अपने पिता व छोटे भाई को मामूली कहासुनी के बाद ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बड़ा पुत्र नशे का आदी बताया जा रहा है। परिवार के लोगों के मुताबिक, पिता उसे लंबे समय से नशा छोड़ने की हिदायत दे रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे इसी बात को लेकर घर में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि गुस्से में आकर बड़े बेटे ने पहले अपने छोटे भाई पर ब्लेड से गले पर वार कर दिया और बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आरोपी को काबू में किया। सूचना मिलते ही सहजनवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को तत्काल अस्पताल भिजवाया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।
घायल की पत्नी द्वारा थाने में तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और नशे की लत को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं को अपराध की ओर धकेल रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
