वाराणसी
नशीली चाय पिलाकर ज्वेलर्स को फंसाया, अश्लील वीडियो बनाकर 25 लाख की डिमांड
गाजीपुर/वाराणसी (जयदेश)। ज्वेलर्स को निशाना बनाकर एक युवती और उसके तीन सहयोगियों द्वारा रची गई साजिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोने की चेन खरीदने के बहाने ज्वेलर्स को घर बुलाया गया, जहां उसे नशीली चाय पिलाकर फंसाया गया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर 25 लाख रुपये की डिमांड की गई।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण में सैदपुर के रहने वाले दीपांशु सोनी, जो स्थानीय बाजार में ज्वेलरी का व्यवसाय करते हैं, उनको बीते 11 मार्च को स्नेहलता सिंह नामक महिला ने फोन कर जेवर खरीदने की बात कही। इसके बाद 23 और 24 मार्च को व्हाट्सएप के माध्यम से दोनों के बीच बातचीत जारी रही।
बताया जाता है कि 27 मार्च की रात करीब नौ बजे महिला के बुलावे पर दीपांशु सोनी गोल्ड चेन लेकर उसके घर पहुंचे। वहां उन्हें चाय दी गई, जिसे पीने के बाद उन्हें चक्कर आने लगे। इसी दौरान महिला ने उनके साथ आपत्तिजनक हरकतें कीं, जबकि पहले से मौजूद उसके तीन साथी औड़िहार निवासी भरत सिंह, सैदपुर के बबलू पंडित और दबगढ़न के अन्ना ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
इसके बाद आरोपितों ने वीडियो दिखाकर धमकाया और कहा कि यदि इसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से बचाना है तो 25 लाख रुपये देने होंगे। भयभीत कर आरोपितों ने तमंचा दिखाते हुए ज्वेलर्स के मोबाइल से 90 हजार रुपये महिला के खाते में ट्रांसफर करा लिए। साथ ही बाद में उसके घर जाकर 4.80 लाख रुपये भी ले लिए।
शेष 20 लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार फोन कर धमकियां दी जाती रहीं। अंततः पीड़ित ने साहस दिखाते हुए वाराणसी जोन के डीआईजी वैभव कृष्ण से शिकायत की। मैसेज, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर डीआईजी ने मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।
नंदगंज पुलिस ने युवती समेत चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए, पर्याप्त साक्ष्य होने पर कानून पीड़ित को न्याय दिलाता है।
