बलिया
नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, गांव में छाया मातम
बलिया। बेल्थरा रोड थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में शनिवार सुबह एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय सरिता के रूप में हुई है, जिसकी शादी इसी वर्ष शेखपुर निवासी अभिषेक राजभर से हुई थी।
बताया जा रहा है कि अभिषेक प्राइवेट नौकरी करता है और ज्यादातर समय घर से बाहर ही रहता है।घटना की रात सरिता ने परिजनों संग भोजन किया और अपनी सास के पैर दबाकर अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिवार ने खिड़की से झांककर देखा तो उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला।
यह दृश्य देख परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सदमे का माहौल छा गया।सूचना पर उभांव पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से मामले को खंगाला जा रहा है कि यह आत्महत्या है या फिर कोई और कारण। इस दुखद घटना से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही असलियत सामने आएगी।
