मऊ
नदवासराय में मनाई गई रानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती
घोसी (मऊ)। घोसी विधानसभा क्षेत्र के नदवासराय में रविवार को महान समाज सुधारक और आदर्श शासन की प्रतीक रानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर एक गरिमामय समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें उनके जीवन और कार्यों को श्रद्धा से स्मरण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व घोसी के पूर्व विधायक विजय राजभर ने किया जबकि आजमगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में वक्ताओं ने अहिल्याबाई होल्कर के शासन कौशल, समाज सुधार के प्रयासों और नारी सशक्तिकरण की दिशा में किए गए उनके योगदान को रेखांकित किया। विजय राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने एक आदर्श शासन प्रणाली स्थापित कर यह सिद्ध किया कि सेवा, त्याग और निष्ठा से शासन को लोककल्याण का माध्यम बनाया जा सकता है।
उन्होंने उन्हें नारी सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक बताया।वहीं, जयनाथ सिंह ने कहा कि देश को आज ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो धर्म, समाज और प्रशासन में संतुलन स्थापित कर सके।
रानी अहिल्याबाई की सोच आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है और उनके सिद्धांतों पर चलकर ही हम सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं।कार्यक्रम का संचालन गिरीश नारायण राय ने किया। इस दौरान क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता, नागरिक, युवा और महिलाएं उपस्थित रहीं। समापन पर रानी अहिल्याबाई के जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
