गोरखपुर
धुरियापार में बनने जा रहा हाईटेक इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स, निवेशकों की नजर गोरखपुर पर
गोरखपुर। धुरियापार औद्योगिक टाउनशिप क्षेत्र में लगभग 8,500 करोड़ रुपये की लागत से एक सुपर मेगा औद्योगिक परियोजना स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। इस परियोजना के लिए कुल 170 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।
इस परियोजना के तहत 300 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही अत्याधुनिक इथेनॉल-ईएनए (एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल) डिस्टिलरी प्लांट भी लगाया जाएगा।
परियोजना में प्रतिदिन लगभग 18 लाख लीटर इथेनॉल उत्पादन की क्षमता विकसित की जाएगी, जबकि करीब 4 लाख लीटर एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल का भी प्रतिदिन उत्पादन प्रस्तावित है। इसके अलावा प्रतिदिन 15 लाख बोतलों की बॉटलिंग क्षमता विकसित करने की योजना है। प्रीमियम इंग्लिश लिकर, सिंगल माल्ट और बीयर के उत्पादन का भी इसमें प्रस्ताव शामिल है।
भूमि आवंटन की प्रक्रिया के तहत गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जीआईडीए) द्वारा कंपनी को अब तक 60.5 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। कुल 170 एकड़ भूमि की मांग की गई है, जिसके लिए शेष भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी किए जाने की संभावना है। परियोजना के पूर्ण होने पर गोरखपुर को औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
