वाराणसी
देव दीपावली पर गंगा नदी में नहीं चलेंगी बिना सीएनजी की नावें
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी द्वारा इस बार देव दीपावली पर्व पर गंगा नदी में बिना सीएनजी इंजन के लगे नावों के संचालन पर रोक लगा दी गईं है। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने बताया है कि प्रदूषण से मुक्त रहने के लिए गंगा नदी में चलने वाली सभी नावों में सीएनजी के इंजन लगाए जानें का कार्य विगत कई माह से चल रहा है। नगर निगम वाराणसी द्वारा सामाचार पत्रों में कई बार विज्ञप्ति भी प्रकाशित कराई गईं है कि वे अपनी नावों में सीएनजी किट लगवा लें। इस हेतु नाविक संगठनों के साथ कई बार बैठके भी की गई हैं तथा नगर निगम वाराणसी द्वारा सीएनजी लगाए जाने हेतु सभी प्रमुख घाटों पर कैंप भी लगाए गए हैं। कई नाविकों द्वारा अपने नावों में सीएनजी किट लगवा ली गईं है, परंतु अभी भी कई लोगों के द्वारा सीएनजी किट अपनी नावों में नही लगवाया गया है।
नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने स्पष्ट किया है कि इस बार देव दीपावली पर्व पर गंगा नदी में जिन नाविकों के द्वारा अपने नावों में सीएनजी इंजन नहीं लगाया है, ऐसे सभी नावों का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित होगा। नगर आयुक्त द्वारा यह भी बताया गया कि यदि नाविक देव दीपावली पर्व पर अपनी नावों का संचालन करना चाहते हैं तो आवश्यक अभिलेखों के साथ तत्काल अपने क्षेत्र के जोनल अधिकारी या नगर निगम वाराणसी में स्थित अनुज्ञप्ति कार्यालय में प्रभारी अधिकारी अनुज्ञप्ति से मिलकर अपने नावों में सीएनजी किट लगवायें।
