गोरखपुर
दुर्घटना या साजिश? पुलिया के नीचे मिला युवक का शव
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर। जिले के खजनी थाना क्षेत्र में पुलिया के नीचे एक युवक का शव मिलने से बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खजनी निवासी सियर के मनोज के रूप में हुई। वह सफाई कर्मचारी था, जो वर्तमान समय में सरया तिवारी में कार्यरत था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे का आदी था और संभवतः गिरने से उसकी मौत हुई, लेकिन पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक नशे का आदी था। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संभवतः देर रात वह पुलिया पर बैठा था और नशे की हालत में नीचे गिरने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, यह सिर्फ अनुमान है। प्रथम दृष्टया शरीर पर कोई गंभीर चोट के निशान नहीं दिखाई दिए हैं, लेकिन पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष जयंत सिंह ने बताया, “मौके पर मौजूद कुछ लोगों से जानकारी मिली कि मृतक नशा करता था। आशंका है कि नशे की हालत में पुलिया से गिर गया होगा। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।”
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस टीम ने आसपास से साक्ष्य जुटाए, लोगों के बयान दर्ज किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्रीय लोगों में घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों ने इसे हादसा बताया, जबकि कुछ ने इसे संदिग्ध मानते हुए गहन जांच की मांग की है।
घटना स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटी रही। ग्रामीणों में यह सवाल उठ रहा है कि क्या युवक की मौत वास्तव में नशे में दुर्घटनावश हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने विशेष रूप से इस बात की जांच शुरू कर दी है कि मृतक किसके साथ और किन परिस्थितियों में रात के समय उस क्षेत्र में पहुंचा।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत का कारण स्पष्ट होने की संभावना है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कर तथ्य सामने लाए जाएंगे। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। परिवार के लोगों को घटना की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। गांव के लोग भी मनोज की अचानक मौत से स्तब्ध हैं। घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
