बड़ी खबरें
दुबई एयर शो में तेजस क्रैश, हिमाचल के पायलट विंग कमांडर नमन स्याल शहीद
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस एमके-1 दुबई एयर शो-2025 के दौरान शुक्रवार दोपहर प्रदर्शन के समय एक भीषण हादसे का शिकार हो गया। स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:10 बजे डेमो उड़ान के दौरान विमान अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया और जमीन से टकराते ही जोरदार धमाके के साथ आग का गोला बन गया। हादसे में विमान के पायलट विंग कमांडर नमन स्याल गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
विंग कमांडर नमन स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला, उपमंडल नगरोटा बगवां के सेराथाना पंचायत के वार्ड नंबर-7 के निवासी थे। 37 वर्षीय नमन स्याल वर्तमान में कोयंबटूर में तैनात थे और बीते छह दिनों से दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भाग ले रहे थे। उनकी पत्नी भी भारतीय वायुसेना में ग्राउंड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। शहीद नमन की 10 वर्षीय बेटी है।
हादसे के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। घटना पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी सैनिक को खो दिया है। उन्होंने ट्वीट कर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
शहीद के पिता जगन्नाथ, जो सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं, उन्होंने बताया कि नमन बीते 16 वर्षों से वायुसेना में सेवाएं दे रहे थे। शुक्रवार को एयर शो का अंतिम दिन था। उन्होंने बताया कि दुबई में औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नमन की पार्थिव देह सोमवार या मंगलवार को पैतृक गांव लाई जाएगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। दुखद घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया।
