वायरल
शॉर्ट सर्किट से किराना दुकान में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख
नंदगंज के सौरम रोड पर दीपावली की रात अर्जुन कुशवाहा की किराना दुकान में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने से लगभग 30 लाख रुपये का नुक़सान हो गया। दुकान में रखा सामान, आभूषण, कपड़े और खाद्यान्न सहित पूरा माल जलकर राख हो गया। मकान का प्लास्टर, पिलर, और छत भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गोदाम में रखे घी और रिफाइंड में आग पकड़ने से आग और भड़क गई थी, जिसे फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों के आने के बाद ही काबू में लाया जा सका।
रात करीब दो बजे धुएं की घुटन से अर्जुन की नींद खुली। उन्होंने अपने परिवार को तुरंत छत पर चढ़ने को कहा और खुद गलियारे से बाहर निकले। उस वक्त सड़क पर खड़े पुलिसकर्मी भी आग का शोर मचा रहे थे। आसपास के लोग पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे पर गोदाम में घी और रिफाइंड के कारण आग काबू में नहीं आ रही थी।
सुबह करीब चार बजे दो दमकल गाड़ियाँ पहुँचने से आग पर नियंत्रण पाया गया। अर्जुन कुशवाहा ने बताया कि बीए में पढ़ने वाली अपनी बेटी की शादी के लिए रखा सामान, बाइक, वाशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज, कूलर, सभी कपड़े, आभूषण और 15 हजार रुपये नकद जल गए। परिवार के पास केवल पहने हुए कपड़े ही बचे हैं।
आग के दौरान परिवार के 14 लोग छत पर फंसे थे, जिन्हें सीढ़ी लगाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद बैंक अधिकारी और राजस्व विभाग के लेखपाल विंध्यवासिनी सिंह ने मौके का मुआयना कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी। अर्जुन कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने बड़ौदा यूपी बैंक से 9 लाख का लोन लिया था और यह दुकान उन्होंने 14-15 साल पहले स्थापित की थी।
