वाराणसी
दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान कार्यक्रम में जोश, जुनून व जज्बे का माहौल
वाराणसी। दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान की महिलाओं और बच्चों ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आजादी का जश्न सोमवार को उल्लासपूर्वक मनाया। संस्थान के कार्यक्रम में जोश, जुनून और जज्बे का ऐसा संगम देखने को मिला कि रोम-रोम पुलकित हो उठा। मन में उमंग, उल्लास के साथ हर हाथ में तिरंगा ही तिरंगा नजर आया, जो अमर शहीदों के कुर्बानियों की याद ताजा कर गया।
संस्था के हुकुलगंज कार्यालय से निकाली गयी तिरंगा पदयात्रा में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे, जो यह नहीं जानते थे कि वे आज जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं, यह उनके पुरखे-पुरनियों के कुर्बानी की देन है। बहरहाल, बच्चे भी खुशी के इस माहौल में शरीक होकर चहक रहे थे। तिरंगा पदयात्रा संकुल चौराहा से होते हुए दुर्गा मंदिर हुकुलगंज तक गया और वहां राष्ट्रगान के बाद पदयात्रा का समापन हुआ। इसके पूर्व बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मनमोह लिया। संगठन की अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अनूप जायसवाल, विशिष्ट अतिथि डॉ. शोभनाथ सिंह व डॉ. शशिकांत सिंह के अलावा दीपू शुक्ला, श्वेता श्रीवास्तव, संजय सिंह, सोनी चौरसिया, पलक वर्मा, राखी वर्मा, मनीषा, उपेंद्र जायसवाल आदि उपस्थित थे।
