वाराणसी
दिसंबर में होगा माता विशालाक्षी का कुम्भाभिषेक, तैयारी 11 सितंबर से
वाराणसी। महादेव की शक्ति स्वरूपा माता विशालाक्षी का कुम्भाभिषेक इस वर्ष दिसंबर माह में सम्पन्न होगा। यह धार्मिक आयोजन हर 12 वर्ष पर आयोजित किया जाता है। इस बार लगभग एक लाख दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई गई है।
11 सितंबर को तमिलनाडु से आए चार वैदिक विद्वान विग्रह के स्थान परिवर्तन का अनुष्ठान सम्पन्न करेंगे। इसी के साथ मंदिर में कुम्भाभिषेक की तैयारियाँ प्रारंभ हो जाएंगी। महंत राजनाथ तिवारी ने बताया कि इस आयोजन का दायित्व नाटुकोट्टई नगर क्षेत्रम सोसायटी, तमिलनाडु निभाती आ रही है। मंदिर की देखरेख भी यही सोसायटी करती है।
शनिवार शाम गोदौलिया स्थित सोसायटी कार्यालय में अध्यक्ष लेना नारायण और मंदिर महंतों की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। कुम्भाभिषेक से पहले मंदिर को नया स्वरूप देने के लिए तीन महीने तक रंग-रोगन, मरम्मत, जीर्णोद्धार और अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में सोसायटी अध्यक्ष लेना नारायण, महंत सुरेश तिवारी, राजनाथ तिवारी, नितिन तिवारी और चिराग दुबे उपस्थित रहे।
