वाराणसी
दिव्यांग बालिका का बोरे में मिला शव, अपहरण के बाद हत्या की आशंका
वाराणसी। जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय दिव्यांग बालिका का शव बुधवार सुबह बहादुरपुर के प्राथमिक विद्यालय के पास बोरे में मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर रामनगर थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
मृतका के पिता शहजादे, जो सूजाबाद क्षेत्र के कामिल शहीद मजार के पास रहते हैं, उन्होंने बताया कि उनकी बेटी माहिरा मंगलवार शाम सात बजे घर से सामान लेने दुकान गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा और रामनगर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह बहादुरपुर के प्राथमिक विद्यालय के पास एक बोरे में बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिली। पतंग उड़ा रहे बच्चों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचित किया।
रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को बुलाया गया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राप्त तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
