वाराणसी
दहेज में 20 लाख और कार की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, घर से निकाला
वाराणसी। दहेज में 20 लाख रुपये और ब्रेजा कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर शिवपुर थाना पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के इंद्रपुर निवासी सोना सिंह की शादी 6 जून 2022 को मूसहक ताड़ीघाट, गाजीपुर निवासी चंदन सिंह के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति चंदन सिंह, सास उर्मिला सिंह और ससुर रमाकांत सिंह दहेज में 20 लाख रुपये और ब्रेजा कार की मांग करने लगे। मांग का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में पहले भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसे पति ने विश्वास में लेकर समाप्त करवा दिया। बाद में उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
