गोरखपुर
दहेज के लिए विवाहिता को मारकर घर से निकाला, पति समेत सात पर मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। जिले के सहजनवा क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता रेनू पांडेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी बड़े ही धूमधाम से हुई थी और विवाह में सामर्थ्य अनुसार उपहार, सोना-चांदी व अन्य सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लगातार एक चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे।
जब मांग पूरी नहीं हुई, तो पति, ससुर, जेठ, जेठानी, ननद सहित कुल सात लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय उसके जेवर, कपड़े और जरूरी सामान तक रोक लिए गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है और कहा कि वह अब सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीना चाहती है। पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
