वाराणसी
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में कोहराम
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद के खजूरी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के सामने नेशनल हाईवे पर रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।
मेहंदीगंज गांव के निवासी शंभू बनवासी (32 वर्ष) अपनी बाइक से कछवा रोड से घर लौट रहे थे। तभी खजूरी के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शंभू गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही खजूरी चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और शंभू को तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद शंभू के परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी शरीफा बनवासी का रो-रोकर बुरा हाल था। शंभू अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। वे कछवां रोड पर एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
