गोरखपुर
तेज रफ्तार ट्रेलर बना काल, तीन घायल
गोरखपुर। जिले के गोरखपुर-खजनी मार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गीडा थाना क्षेत्र के नगवा के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय पल्सर बाइक पर सवार गुलशन साहनी अपने साथी धीरज साहनी के साथ खजनी की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज गति से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर अचानक उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर चालक नियंत्रण खो बैठा।
इसी दौरान सामने से आ रहे होंडा साइन बाइक सवार विजय कुमार भी ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि विजय कुमार का हाथ बुरी तरह कुचल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं गुलशन और धीरज को भी चोटें आईं, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल विजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और कड़ी निगरानी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।
